न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई 33 करोड़ की भारी डकैती की घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है. फरार हुए पांच अपराधियों ने बंदूक की नोक पर बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर इस अपराध को अंजाम दिया था. इस डकैती में 42 लाख नगद और 23 किलो 800 ग्राम सोना की डकैती हुई, जिसकी कुल कीमत 33 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
बिहार और झारखंड के इतिहास में यह सबसे बड़ी बैंक डकैती की घटना मानी जा रही है. पूरी घटना का विवरण सीसीटीवी कैमरे द्वारा कैद किया गया है. यह डकैती 24 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी.
तीन दिनों बाद भी अपराधियों का पता लगाने में पुलिस विफल रही है. इस मामले की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है. पुलिस ने तीन अपराधियों की तस्वीरें जारी की हैं और उनके पकड़ने के लिए 2-2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है. जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने इस मामले की जानकारी दी है.