राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: सड़क किनारे अथवा मुख्य सड़क पर अवैध रूप से यत्र-तत्र खड़े हल्के एवं भारी वाहनों के खिलाफ शनिवार को लातेहार परिवहन विभाग ने कार्रवाई की. यह अभियान उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में चंदवा थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर चलाया गया.
अभियान के दौरान सड़क किनारे और सड़क पर खड़े वाहनों की जांच की गई. परिवहन विभाग के अनुसार, सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा और दुर्घटना की रोकथाम के उद्देश्य से वाहनों की जांच की गई.
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपये का ई-चालान किया गया. इस दौरान वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा करने से होने वाले जोखिमों के बारे में जानकारी दी गई तथा यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई.
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी.