अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया/डेस्क: गया जिले में शुक्रवार अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर ओवरब्रिज के पास दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई. बताया जाता है कि आगे चल रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके कारण पीछे से आ रही ट्रक तेज रफ्तार में आकर जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भयावह थी कि पीछे वाली ट्रक का केबिन पूरी तरह चिपक गया और ड्राइवर तथा खलासी उसी में बुरी तरह फंस गए. घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. स्थानीय लोगों की सूझबूझ तथा क्रेन की मदद से घंटों की कड़ी कोशिश के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.
दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें तुरंत मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद GT रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने और क्रेन से ट्रकों को हटाए जाने के बाद आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हुआ.
यह भी पढ़ें: बिहार महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा