न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अविनाश श्रीवास्तव / रोहतास: रोहतास जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर सोमवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर हीं दर्दनाक मौत हो गई। घटना दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप की बताई जाती है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि पिकअप और बस में सवार कुछ लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से एक तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे सभी लोग अपने गांव के समीप हीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और पिकअप से नीचे उतर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दबकर कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
एक हीं परिवार के सभी मृतक
हादसे के शिकार सभी पांच लोग एक हीं परिवार के बताए जाते हैं। मृतकों की पहचान करगहर के भगवानपुर गांव निवासी रामव्रत सिंह, लड़की के पिता व मठिया गांव निवासी अशोक सिंह, पिंटू सिंह एवं रजनीश कुमार के रूप में हुई है। वहीं एक व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई है और परिवार में कोहराम मचा है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दिनारा थाने की पुलिस ने सभी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई है। क्रेन की मदद से सभी वाहनों को सड़क से हटा दिया गया है और पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच में जुट गई है।