प्रवीण दूबे/न्यूज11 भारत
जमुई/डेस्क: सिकंदरा नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन स्थित लहिला गांव के हबड़ी स्थान में शनिवार सुबह एक कुएं से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय धनेश्वर मांझी के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन दिनों से लापता था. स्थानीय लोगों ने जब कुएं में शव तैरता देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया. थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, फॉरेंसिक टीम और एसडीपीओ सतीश सुमन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. स्वजनों के मुताबिक धनेश्वर परिवार का इकलौता सहारा था, और उसकी मां ही घर में अकेली सदस्य हैं. बेटे के अचानक लापता होने के बाद मां लगातार उसकी तलाश में भटक रही थी. ऐसे में शव मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुएं के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी नहीं होने के कारण रात के अंधेरे में वह उसमें गिर गया होगा. हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि खुले कुओं की जल्द घेराबंदी कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में पटोरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार