सरफराज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: सीवान के केंद्रीय विद्यालय में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां अंग्रेजी शिक्षिका इरा कुमारी पर कक्षा 8 के छात्र एक पत्रकार के बेटे नितेश कुमार (12 वर्ष) की बेरहमी से पिटाई का आरोप है, जिससे उसकी बाईं कलाई की हड्डी टूट गई. पीड़ित छात्र नितेश, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भादा खुर्द गांव के निवासी एक न्यूज चैनल के पत्रकार निरंजन कुमार के पुत्र है. शुक्रवार को कक्षा में सहपाठी से बात करने पर शिक्षिका नाराज हुई. उन्होंने छात्र से सवाल पूछे, कुछ के जवाब न मिलने पर डंडे से हाथ पर चार बार जोरदार वार किए. नितेश ने दर्द की शिकायत की, लेकिन शिक्षिका ने अनसुना कर मारपीट जारी रखी.
स्कूल प्रबंधन ने कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई न प्राथमिक उपचार कराया, न हालत पूछी. बच्चा घर पहुँचकर अभिभावकों को बताया, फिर सदर अस्पताल में इलाज हुआ, जहाँ प्लास्टर चढ़ाया गया. शनिवार को अभिभावक शिकायत लेकर स्कूल गए, तो शिक्षिका ने गलती मानने के बजाय उन्हें धमकाया. यह घटना बाल अधिकार संरक्षण अधिनियम, आरटीई एक्ट 2009, और केंद्रीय विद्यालय संगठन तथा सीबीएसई के दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है, जहाँ शारीरिक सजा पूरी तरह प्रतिबंधित है. यह मामला शिक्षा व्यवस्था में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाता है. अब प्रशासन और शिक्षा विभाग से उचित कार्रवाई की उम्मीद है.
यह भी पढ़े: बेतिया के नरकटियागंज में बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 4,437 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, चालक फरार