न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सुपौल - सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पटना से पूर्णिया जा रही यात्रियों से भरी एक बस को विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हाइलाइट्स:
- सुपौल में NH-27 पर बड़ा सड़क हादसा
- पटना से पूर्णिया जा रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर
- हादसे में 12 यात्री घायल, सभी खतरे से बाहर
- रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी दुर्घटना की वजह
- ट्रक चालक मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
- बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त
- रेस्क्यू कर बस चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया
12 यात्री घायल, सभी खतरे से बाहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में 12 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और रॉन्ग साइड से आ रहा था। अचानक सामने आ जाने के कारण बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और यातायात बाधित रहा।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि ट्रक गढ़िया में सीमेंट खाली करने जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में निकाला गया बस चालक
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक स्टेयरिंग में फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें - रामनगर में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का हुआ नुकसान