न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विष्णु गुप्ता/सुपौल: सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसा कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ। यहां करीब छह लोग बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर कीर्तन कर रहे लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा।
हादसे में तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह की मौत हो गई। सभी पांच मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले थे। वहीं रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में तिलाई दास और राजू दास कटैया पंचायत के वार्ड 12, सुरेंद्र यादव वार्ड 15, भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव वार्ड 11 और कृष्ण मोहन साह वार्ड 13 के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मंगलवार देर रात डीएम सावन कुमार ने बताया था कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इधर, हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटवाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण और दुकानें होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए सड़क किनारे की अस्थायी दुकानों को हटाने की मांग की।