राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: शेरघाटी: डुमरिया प्रखंड अंतर्गत पनकरा पंचायत के सिमरी गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सिमरी गांव निवासी राजेश पासवान के पिता नरदेव पासवान (लगभग 40 वर्ष) के रूप में की गई है. परिजनों ने मौत को स्वाभाविक मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को डुमरिया–इमामगंज मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते सड़क जाम हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया. जाम के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए.
परिजनों ने बताया कि नरदेव पासवान अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके पीछे एक विवाहित पुत्री (उम्र लगभग 22 वर्ष) और तीन नाबालिग बेटे हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है.
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डुमरिया थाना क्षेत्र के दिभिका नामक स्थान पर नरदेव पासवान को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. परिजनों का दावा है कि यह पूरी घटना सुनियोजित साजिश का परिणाम है और मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए.
इस संबंध में डुमरिया थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि अब तक उन्हें इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलते ही पुलिस मामले की जांच शुरू करेगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अब यह देखना अहम होगा कि परिजन कब आवेदन देते हैं और जांच के बाद इस रहस्यमय मौत से जुड़ी सच्चाई क्या सामने आती है.
यह भी पढ़ें: मुंगेर: नाबालिग छात्र की गला दबा कर हत्या, रिश्ते में दादा पर लगा हत्या का आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच