न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद जहां राजनीतिक हलचल तेज हुई है, वहीं लालू परिवार में चल रही अंदरूनी खटास अब सार्वजनिक हो गई हैं. परिवार की सबसे मुखर और भावनात्मक आवाज मानी जाने वाली रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार से दूरी का ऐलान कर सबको चौंका दिया.
रोहिणी ने शनिवार को स्पष्ट किया कि वह अब परिवार और पार्टी से अलग हो रही हैं. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "जो कहना था, मैंने अपने सोशल मीडिया पर कह दिया. मैंने कभी झूठ नहीं बोला." पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने आगे कहा कि अब इस मामले पर तेजस्वी यादव, संजय यादव, रेचल यादव और रमीज़ ही जवाब दें.
भावनात्मक कारणों से ससुराल जाने का फैसला
रोहिणी ने यह भी बताया कि वह जल्द ही मुंबई अपने ससुराल जा रही हैं. उन्होंने कहा, “मेरे ससुराल वाले मेरी चिंता में हैं और उन्होंने मुझे वापस बुलाया हैं.”
तेजस्वी यादव की चुप्पी
दिनभर उठी हलचल के बावजूद परिवार के मुख्य सदस्य तेजस्वी यादव ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. संजय यादव और अन्य वरिष्ठ सदस्य भी चुप्पी साधे रहे, जिससे अटकलें तेज हो गई हैं. आरजेडी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि परिवार में दरार सार्वजनिक होने से पार्टी की छवि और चुनावी रणनीति पर असर पड़ सकता हैं. कई वरिष्ठ नेताओं ने परिवार को एकजुट रहने की सलाह दी हैं.
लालू परिवार, जो बिहार की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, अब अपनी पारिवारिक दरारों और भावनात्मक उलझनों के कारण सुर्खियों में हैं. आने वाले समय में इस घटनाक्रम के राजनीतिक और व्यक्तिगत दोनों ही असर देखने को मिल सकते हैं.
यह भी पढ़े: तेजस्वी यादव आज अपने सरकारी आवास पर करेंगे समीक्षा बैठक