अफरोज आलम/न्यूज11 भारत
समस्तीपुर/डेस्क: समस्तीपुर नगर थाने की पुलिस ने चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में फरार चल रहे एक और अपराधी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इससे इस हाईप्रोफाइल लूटकांड के पर्दाफाश की दिशा में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है. मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी की पहचान वैशाली जिले के विद्दूपर थाना क्षेत्र के मथुरा निवासी धर्मनाथ सिंह उर्फ धरमा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे उसके घर से ही दबोच लिया.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने धरमा के पास से भारी मात्रा में लूटे गए आभूषण व कैश भी बरामद किया है. पुलिस ने लगभग 42 लाख रुपये मूल्य के 350 ग्राम सोना तथा दो लाख रुपये नकद जब्त किए हैं बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे आज न्यायिक अभिरक्षा में रखा है. गौरतलब है कि 7 मई को शहर के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में करीब 10 करोड़ रुपये के आभूषण और 15 लाख रुपये नगद की सनसनीखेज लूट हुई थी. घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई थी. इस लूटकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. अब तक एक दर्जन से अधिक अपराधी की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: सेमरटांड़ में ब्राउन शुगर की तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार