प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह-छिपादोहर मुख्य सड़क के निर्माण कार्य को लेकर अब सड़क के किनारे की गई फिलिंग सवालों के घेरे में आ गयी है. कुछ दिन पूर्व ही सड़क का निर्माण कार्य कराया गया है, लेकिन सड़क के किनारों को मजबूत करने के लिए की गयी फिलिंग में मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है. बरसात के मौसम में यही मिट्टी अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है.
बारिश होते ही सड़क किनारे डाली गयी मिट्टी गीली होकर सड़क पर फैलने लगती है. इससे सड़क के किनारे फिसलन की स्थिति बन रही है और तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी हो सकती है. कई स्थानों पर दरारें भी नजर आ रही हैं. वहीं, सड़क किनारे की फिलिंग को मजबूत करने के बजाय मिट्टी से भरकर छोड़ दिए जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात में मिट्टी के बह जाने से सड़क के किनारे फिर से स्थिति खराब हो सकती है. लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे की फिलिंग में उचित सामग्री का इस्तेमाल कर उसे मजबूत कराने की मांग की है, ताकि नई बनी सड़क जल्द ही बदहाल होने से बच सके.
इसे भी पढ़ें: हाईवे पर गलत पार्किंग से बढ़ रहे हादसे, सड़क किनारे खड़े वाहन ले रहे जान; पढ़िए News11 की स्पेशल रिपोर्ट