न्यूज11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में इस समय रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक तरफ 14 अप्रैल को खरमास खत्म होते ही शादियों की शहनाइयां बजने वाली हैं, तो दूसरी तरफ गैस एजेंसियों और उपभोक्ताओं के बीच चल रहे 'गैस-वार' ने पूरे सिस्टम को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
शादियों के सीजन में सिलेंडर का 'सूखा'
महीनों पहले शादियों की बुकिंग कराने वाले परिवारों और बैंक्वेट हॉल संचालकों के लिए यह स्थिति किसी बुरे सपने जैसी है। पटना के पॉश इलाकों, जैसे बेली रोड और आशियाना-दीघा रोड के मैरिज हॉल प्रबंधकों का कहना है कि उन्हें जरूरत का आधा कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। शादी-ब्याह के आयोजनों के लिए अब प्रशासन की ओर से कोई अतिरिक्त कोटा न मिलने के कारण, हलवाइयों और आयोजकों के हाथ-पांव फूल गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यदि हालात नहीं सुधरे, तो मेहमानों के लिए तैयार होने वाले शाही मेन्यू में भारी कटौती करनी पड़ सकती है।
फर्जी मैसेज और 1.71 लाख का बैकलॉग
गैस संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य में एलपीजी सिलेंडर का बैकलॉग 1.71 लाख तक पहुंच चुका है। उपभोक्ता घंटों लाइन में लग रहे हैं या ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं, लेकिन गैस पहुंच नहीं रही है। कई ग्राहकों को 'डिलीवरी सक्सेसफुल' के फर्जी मैसेज मिल रहे हैं, जिससे नाराजगी का स्तर बढ़ गया है। वहीं, श्राद्ध और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोग एक-एक सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
डीएम की सख्त चेतावनी: कालाबाजारियों पर लगेगा ESMA
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने गैस एजेंसियों के साथ एक आपात बैठक की है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शादियों के सीजन में गैस का खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- सीधी कार्रवाई: कालाबाजारी, ओवर-प्राइसिंग या अवैध उपयोग में शामिल पाए जाने पर तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर गिरफ्तारी होगी।
- ESMA लागू: लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर एस्मा (ESMA) के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
- हेल्पलाइन नंबर: किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत के लिए उपभोक्ता 24 घंटे जिला कंट्रोल रूम के नंबर (0612-2219810) पर कॉल कर सकते हैं।
जिलाधिकारी, पटना द्वारा लोक शिकायत के अपीलीय मामलों की सुनवाई की गई तथा परिवादों का निवारण किया गया। पदाधिकारियों को पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जन-शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा जनहित के कार्यों का संवर्द्धन करने का निदेश दिया गया।#PublicInterest… pic.twitter.com/4UHq73Z05p
— District Administration Patna (@dm_patna) April 4, 2026
जिला प्रशासन का कहना है कि एजेंसियों को रिस्पॉन्सिव तरीके से काम करने का निर्देश दिया गया है। देखना यह है कि प्रशासन की यह सख्ती शादियों के सीजन में जनता को कितनी राहत दिला पाती है।