न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रंजन कुमार/ शेखपुरा: नवादा से शेखपुरा और बरबीघा होते हुए पटना जाने वाली पैसेंजर एक्सप्रेस ट्रेन में सोमवार की सुबह यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। ट्रेन में खड़े होने तक की जगह नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने बरबीघा में ट्रेन रोक दी और रेलवे ट्रैक पर बैठकर विरोध जताया।
इस दौरान यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। यात्रियों का आरोप था कि रेलवे की ओर से इस ट्रेन में लगातार मनमानी की जा रही है कभी ट्रेन में 12 बोगियां लगाई जाती हैं तो कभी घटाकर आठ कर दी जाती हैं। सोमवार को यात्रियों की संख्या काफी अधिक होने के बावजूद ट्रेन में केवल आठ बोगियां थीं, जिसके कारण यात्रियों को बेहद भीड़ के बीच सफर करना पड़ा।
कई यात्रियों ने बताया कि स्थिति ऐसी थी कि उन्हें भीड़भाड़ में भेड़-बकरियों की तरह सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है विरोध कर रहे यात्रियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव के समय सुविधा और वोट बैंक को ध्यान में रखकर ट्रेन सेवा शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन अब यात्रियों की परेशानी की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया गया। यात्रियों ने रेलवे से ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने और नियमित रूप से पर्याप्त कोच उपलब्ध कराने की मांग की है।