न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: कैमूर के रामगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आर्मी के जवान शत्रुघ्न यादव की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। जवान की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण रामगढ़ के दुर्गा चौक और थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले करीब चार घंटे से जारी प्रदर्शन के दौरान लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि रामगढ़ थाना अध्यक्ष को निलंबित किया जाए और जवान के साथ हुई घटना में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
दरअसल, रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहूका गांव निवासी सेना के जवान शत्रुघ्न यादव पिछले करीब सात दिनों से लखनऊ स्थित मिलिट्री अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। गंभीर रूप से घायल जवान का इलाज चल रहा था लेकिन बुधवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जैसे ही जवान की मौत की खबर सहूका गांव पहुंची, परिवार के लोगों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण रामगढ़ पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पहले रामगढ़ के दुर्गा चौक पर धरना दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग रामगढ़ थाना परिसर में भी पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जवान की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से रामगढ़ थाना अध्यक्ष को निलंबित करने और मामले में फरार या अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी है।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई। मौके पर मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, प्रभारी डीएसपी, नुआंव थाना अध्यक्ष, मोहनिया थाना अध्यक्ष सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान पहुंचे। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया।
मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि सेना के जवान की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा रामगढ़ थाना परिसर तथा दुर्गा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। करीब चार घंटे से प्रदर्शन चल रहा है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों की मांगों को सुना जा रहा है और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, जवान की मौत के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जवान के साथ हुई घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। खबर लिखे जाने तक रामगढ़ दुर्गा चौक और थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन जारी था। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल तैनात है। प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं और उनकी मांगों के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।