न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रमण / मधेपुरा : बिहार के मधेपुरा से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। सुबह एक फोन कॉल आने के बाद 24 साल का युवक घर से निकला लेकिन शाम होते-होते उसकी लाश बोरे में बंद धान के खेत से बरामद हुई। परिवार का आरोप है कि पहले बुलाया गया, फिर बेरहमी से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, लाखों रुपये की नकदी, गहने और बाइक भी गायब बताए जा रहे हैं।
आखिर इस हत्या के पीछे वजह क्या है। दरअसल मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के बालम गढ़िया वार्ड-1 निवासी और मौर्या लैब के मैनेजर बाबू साहब की अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी। बुधवार की देर शाम उनका शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर रतनपुरा-दुधैला सड़क किनारे धान के खेत में एक बोरे के अंदर मिला। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। गले पर काले निशान थे, जबकि मुंह से खून निकल रहा था। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतक की पत्नी निशा कुमारी ने सदर थाना में आवेदन देकर मनी कुमार, उसकी पत्नी पूजा कुमारी, संदीप कुमार, नयन कुमार और दिनेश यादव को नामजद आरोपी बनाया है। आवेदन के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह से ही मनी कुमार और उसके साथियों ने लगातार फोन कर बाबू साहब को अपने घर बुलाया। पहले उन्होंने व्यस्त होने की बात कही, लेकिन बार-बार आग्रह करने पर करीब 10 बजे बाइक से घर से निकल गए। इसके बाद परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।
दोपहर बाद बाबू साहब का मोबाइल फोन अचानक स्विच ऑफ हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला। शाम के समय सोशल मीडिया पर बोरे में बंद एक शव मिलने की सूचना वायरल हुई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बोरे में बंद शव बाबू साहब का था। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पत्नी का आरोप है कि बाबू साहब का मनी कुमार के साथ पैसों का लेन-देन चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की साजिश रची गई। आवेदन में यह भी कहा गया है कि नामजद आरोपियों ने 5 से 7 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर हत्या की और उसके बाद सबूत मिटाने की कोशिश की। परिवार का दावा है कि मृतक के पास मौजूद मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट भी गायब है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक जांच के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है। सदर थाना के एसआई लक्ष्मीनारायण महतो का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
एक फोन कॉल घर से निकला युवक और कुछ घंटों बाद बोरे में बंद मिली लाश। यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि कई सवाल भी खड़े करता है। क्या पैसों का विवाद इस कत्ल की वजह बना, या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश छिपी है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल मधेपुरा का यह हत्याकांड पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।