अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: गया–बोधगया मुख्य सड़क मार्ग स्थित केंदुई गांव में समाजसेवी एवं प्रसिद्ध मुखिया स्वर्गीय विनोद सिंह की 15वीं पुण्यतिथि उनके आवास पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर गरीब एवं दलित लोगों के बीच बड़े पैमाने पर कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए. वहीं डीएसपी धर्मेंद्र भारती, रोटेरियन अशोक सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, पप्पू सिंह, निर्भय सिंह, मुखिया राजेश सिंह, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य संतोष सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. इस दौरान हजारों जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए गए.
इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्व. विनोद सिंह एक सच्चे समाजसेवी थे, जो समाज के हर वर्ग की निस्वार्थ सेवा करते थे. गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना उनके जीवन का उद्देश्य था. यही कारण है कि लोग आज भी उन्हें श्रद्धा के साथ याद करते हैं.
वहीं स्व. मुखिया विनोद सिंह के पुत्र एवं खिरियावा पंचायत के मुखिया राजेश सिंह ने बताया कि इस वर्ष 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 5 हजार गरीबों के बीच कंबल वितरण का लक्ष्य रखा गया है. पहले दिन करीब 2 हजार कंबल का वितरण किया गया है और यह सेवा कार्य लगभग 10 दिनों तक जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि उनके पिता जब मुखिया थे, तब भी गरीबों के बीच कंबल और खाद्य सामग्री का वितरण करते थे, उसी परंपरा को परिवार आगे बढ़ा रहा है.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर हिजाब प्रकरण को बेवजह तूल दिया जा रहा है - जदयू