सरफराज आलम/न्यूज11 भारत
लखीसराय/डेस्क: जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मैदनीचौकी थाना क्षेत्र के देवघरा चंद्रटोला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. प्रेम प्रसंग में हुई शादी के महज पांच महीने बाद ही विवाहिता की मौत हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं.
मृतका की पहचान करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है, जो धरहरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी श्रीलाल बिंद की पुत्री थी. उसकी शादी राकेश कुमार से प्रेम प्रसंग में हुई थी. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के रिश्तों में तनाव शुरू हो गया था.
आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर करिश्मा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था. परिजनों ने बताया कि करिश्मा कई बार फोन कर अपनी पीड़ा साझा करती थी, लेकिन सामाजिक दबाव और रिश्ते को बचाने की कोशिश में मामला शांत कराने का प्रयास किया जाता रहा.
घटना शाम की बताई जा रही है, जब करिश्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष का आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची मैदनीचौकी थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राकेश कुमार और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह के बावजूदy दहेज की मांग और उत्पीड़न जैसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं.
इस संबंध में मैदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. वहीं, एसडीपीओ शिवम कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मां बेटे को ढूंढती रही इधर-उधर… आखिर कुएं से मिला लाडले का शव