न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
शादाब अख्तर/मधुबनी: राष्ट्रीय राजमार्ग (NH)-27 एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर राहगीरों से मोबाइल झपटमारी कर फरार होने वाले एक सक्रिय गिरोह का फुलपरास पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटे गए 10 एंड्रॉयड स्मार्टफोन तथा वारदात में प्रयुक्त तीन हाई-स्पीड मोटरसाइकिलें, जिनमें एक KTM बाइक भी शामिल है, बरामद की गई हैं।
बताया गया कि यह कार्रवाई झंझारपुर एसडीपीओ सह फुलपरास अनुमंडल के अतिरिक्त प्रभार में तैनात सुबोध कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भटवारी दुर्गा मंदिर के समीप कुछ अपराधी लूटे गए मोबाइल की खरीद-बिक्री की डीलिंग के लिए जुटने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों एवं उनके ठिकानों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भटवारी निवासी दिपेश कुमार, कोंगड़िया टोल निवासी प्रयंत कुमार, एकडारा निवासी मो. मुस्तकीम उर्फ मो. आशिक, बाढ़ाकुमार निवासी मो. अमानुल्लाह उर्फ मुंशी तथा कलापट्टी चौक स्थित मोबाइल दुकान संचालक अमित कुमार उर्फ अभय रंजन के रूप में हुई है।पुलिस जांच में सामने आया कि अमित कुमार उर्फ अभय रंजन कथित रूप से झपटमारी गिरोह से लूटे गए मोबाइल फोन खरीदता था। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।