अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार में छात्रों की संदिग्ध मौत के मामलों ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. राजधानी पटना में नीट की छात्रा की मौत की गुत्थी अभी पूरी तरह सुलझ भी नहीं पाई थी कि अब रोहतास जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक लॉ की छात्रा ने कॉलेज कैंपस में ही आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच तेज कर दी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रोहतास जिले के डेहरी क्षेत्र के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल हॉस्पिटल एंड कॉलेज परिसर से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि कैमूर जिले की रहने वाली एक लॉ की छात्रा ने बुधवार को कॉलेज कैंपस में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी रौशन कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और पुलिस कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए है. बताया जा रहा है कि छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है. घटना के बाद एक और बात ने लोगों का ध्यान खींचा. खबर की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को कॉलेज परिसर के अंदर जाने से रोक दिया गया. कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कई घंटों तक पत्रकारों को गेट के बाहर ही रोके रखा और किसी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी.
बताया जाता है कि यह मेडिकल कॉलेज एक प्रभावशाली राजनीतिक हस्ती से जुड़ा हुआ है, जिनकी पहुंच केंद्रीय स्तर तक मानी जाती है. ऐसे में इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन पर भी कई सवाल खड़े हो रहे है. हालांकि अब तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, परिजनों का बयान भी लिया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी हुई है.
यह भी पढ़े: शादी में शामिल होने जा रही एक महिला की बाइक से गिरकर मौत, परिवार में मातम