न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: कटिहार जिले के कुरसेला और समेली प्रखंड में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कुरसेला प्रखंड के मधेली गांव स्थित गंगा नदी के तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा और कोशी नदी के किनारे चल रहे बाढ़ निरोधी कार्यों का जायजा लिया और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद कार्यपालक अभियंताओं से बाढ़ निरोधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने कहा कि गंगा और कोशी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना बनी रहती है, ऐसे में तटबंधों की मजबूती और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं और आम लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। वहीं इस मौके पर एडीएम विनोद कुमार, कटिहार सदर एसडीओ सूरज कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियवंदा, सीओ अनुपम, जिला परिषद सदस्य उमेश कुमार यादव उर्फ उमा यादव, मुखिया प्रतिनिधि शंकर चौधरी, शाहिद जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद थे।