राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
वजीरगंज/डेस्क: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एरू गांव के समीप बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. विपरीत दिशा से आ रहे जेसीबी और डाक पार्सल मैजिक वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि जेसीबी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा अंदर की ओर दब गया और चालक उसमें फंस गया. वह मदद के लिए चिल्लाता रहा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी से वैन के क्षतिग्रस्त हिस्से को बांधकर ट्रक की मदद से खींचा और किसी तरह चालक को बाहर निकाला.
घायल चालक की पहचान सुभाष कुमार के रूप में हुई है, जो मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के सहादेव खाप गांव का निवासी बताया जाता है. उसे इलाज के लिए वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमसीएच) रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है और पैर में हल्की चोट आई है. वैन की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए. ग्रामीणों का कहना था कि जिस तरह वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया था, उसमें चालक का सुरक्षित बच निकलना किसी चमत्कार से कम नहीं है.
घटना में मदद करने वाले एरू निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि फोरलेन पर बने अवैध कट रोजाना दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं. विपरीत दिशा से चलने वाले वाहन यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है. उन्होंने बताया कि अवैध कट को बंद कराने के लिए गया डीएम व सड़क निर्माण कंपनी को सूचना दी गई है. इधर, पुलिस हेल्पलाइन 112 की टीम भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा घायल का हालचाल लिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: बहन की सादी के कार्ड बांटने के दौरान सडक दुर्घटना मे भाई की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम