न्यूज 11 भारत/ बिहार डेस्क
सरफराज आलम/लखीसराय: लखीसराय जिले के स्वास्थ्य तंत्र में एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा लखीसराय सदर अस्पताल में गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए अत्याधुनिक गहन चिकित्सा इकाई (ICU) का सफल संचालन शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर इस आईसीयू वार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि लखीसराय सदर अस्पताल में आईसीयू और ऑपरेशन (OT) की सुविधा शुरू होना जिलावासियों के लिए बेहद गर्व और राहत की बात है। अब आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को पटना या दूसरे बड़े शहरों के लिए रेफर नहीं होना पड़ेगा, जिससे समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
डीएम शैलेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा:
"स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन आम जनता की सुरक्षा और पारदर्शी जांच व्यवस्था के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। हमारा एकमात्र लक्ष्य है कि लखीसराय के हर नागरिक को सदर अस्पताल में ही राज्य-स्तरीय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।"
इस मौके पर जिलाधिकारी के साथ सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक समेत जिले के कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को अस्पताल में मरीजों की निर्बाध देखभाल और सुविधाओं के निरंतर रखरखाव का निर्देश दिया गया है।