न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना: बिहार के 15 जिलों के 88 प्रखंड़ों में बाढ़ का पानी फैला है। इन जिलों के 575 पंचायतों के 49.71 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल पानी में डूबा हुआ है।
अब केंद्र की टीम बिहार की बाढ़ का जायजा लेने पहुंची है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह बुधवार को पटना पहुंचे। वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोट से बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचे हैं। राघोपुर दियारा इलाके में पानी भरा होने के कारण वे ट्रैक्टर से निरीक्षण पर निकले हैं। जानकारी है इसके साथ ही दोनों नेता किसानों और बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद पटना में बाढ़ आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। शिवराज सिंह हाजीपुर और मुंगेर जाएंगे। वहीं नवगछिया में वह बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे। रात में भागलपुर में ही रुकेंगे।
इधर शिवराज सिंह के दौरे से पहले तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। उन्होंने पूछा है कि कुछ राहत पैकेज ला रहे हैं या बस फोटो सेशन के लिए पहुंच रहे हैं। केंद्रीय मंत्री के बिहार दौरे से पहले राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने बाढ़ क्षति का आकलन करने आ रही केंद्रीय टीम पर तंज कसा। मंगलवार को पटना में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि केंद्र बिहार को बाढ़ पैकेज क्यों नहीं दे रहा है? राष्ट्रीय आपदा क्यों नहीं घोषित किया जा रहा है?