न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (ADEO) परीक्षा में एक हाईटेक नकल गिरोह का खुलासा हुआ है। 14 और 15 अप्रैल को आयोजित इस परीक्षा में सेंध लगाने के आरोप में पुलिस ने मास्टरमाइंड सूजल कुमार, तीन बिचौलियों (लाइनर) और 18 परीक्षार्थियों सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के बदले 15 से 20 लाख रुपये की मोटी रकम वसूल रहा था।
बायोमेट्रिक ऑपरेटर के जरिए प्रश्नपत्र लीक, व्हाट्सएप पर चलता था 'खेल'
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह का नेटवर्क बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। परीक्षा केंद्रों पर तैनात बायोमेट्रिक ऑपरेटरों से मिलीभगत कर प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर मास्टरमाइंड को भेजी जाती थी। वहां से सॉल्व पेपर वापस लाइनरों के पास पहुंचता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक चिप भी बरामद किए हैं। मास्टरमाइंड सूजल कुमार के मोबाइल से एक व्हाट्सएप ग्रुप मिला है, जिसमें सैकड़ों छात्रों के एडमिट कार्ड मौजूद हैं, जिससे इसके तार बिहार के कई जिलों से जुड़े होने के सबूत मिले हैं।
कोचिंग सेंटर की भूमिका संदिग्ध और केंद्राधीक्षक पर गिरी गाज
इस पूरे रैकेट में एक स्थानीय कोचिंग सेंटर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी 18 अभ्यर्थी एक ही कोचिंग संस्थान के जरिए इस गिरोह के संपर्क में आए थे। फिलहाल कोचिंग संचालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। दूसरी ओर, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उपेंद्र ट्रेनिंग स्कूल की केंद्राधीक्षक अर्चना कुमारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने नियमों के खिलाफ बायोमेट्रिक ऑपरेटर को परीक्षा हॉल के भीतर एंड्रॉयड फोन ले जाने की अनुमति दी।
पुलिस की चेतावनी: रडार पर हैं कई और बड़े नाम
एसपी ने स्पष्ट किया है कि मुफ्फसिल और कोतवाली थाना में बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। व्हाट्सएप ग्रुप की चैट्स से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर गिरोह के बड़े सरगनाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस जांच के दायरे में कई अन्य जिलों के संदिग्ध भी आ सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।