दिवाकर कुमार/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: सफियासराय थाना क्षेत्र के जगदंबापुर फरदा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13, रवि राय टोला में शनिवार को ग्रामीणों ने खेत में एक युवक का शव देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान रोहित कुमार रजक, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है. रोहित दसवीं कक्षा का छात्र था.
ग्रामीणों के अनुसार, रोहित शुक्रवार की रात करीब 9 बजे गांव में भोज खाने के बाद घर के पास खड़ा था. इसी दौरान उसे एक दुकान से सिगरेट खरीदते हुए भी देखा गया था. इसके बाद वह अचानक लापता हो गया. शनिवार सुबह करीब 5 बजे परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने सफियासराय थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दी. इसी बीच रोहित की बड़ी बहन रिंकू देवी अपने पति के साथ मायके पहुंचीं और उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से दोबारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान पहले रोहित का मोबाइल कवर मिला, फिर खेत में उसकी पैंट पड़ी मिली. आगे बढ़ने पर सरसों के खेत से उसका शव बरामद किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और फोटोग्राफी की गई. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है. शव को शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
यह भी पढ़े: रामनगर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दिव्यांग गंभीर घायल, हालत नाजुक