न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क (अमित कुमार, सीतामढ़ी): बिहार के सीतामढ़ी जिले में अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी रिची पांडे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सदर अस्पताल के आसपास संचालित चार अवैध नर्सिंग होम को सील कर दिया है।
महिला मरीज को बनाया बंधक
इसके साथ ही सभी संचालकों के खिलाफ नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। दरअसल, डीएम को सूचना मिली थी कि सदर अस्पताल के पास एक अवैध नर्सिंग होम में इलाज का बकाया पैसा नहीं देने पर एक महिला मरीज को बंधक बनाकर रखा गया है। इस गंभीर सूचना को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
छापेमारी में नर्सिंग होम सील
इस निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर न सिर्फ संबंधित नर्सिंग होम को सील किया बल्कि मरीज को भी वहां से मुक्त कराया। महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।