न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास): बिहार में मौसम ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सिर्फ दिन ही नहीं बल्कि रात के वक्त भी तपीश बढ़ी हुई है। दिन के वक्त लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसी बीच सीमांचल के तीन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की तरफ से सुपौल, अररिया और किशनगंज में तेज आंधी-तुफान की भी आशंका जाहीर की गई है।
कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने पटना समेत कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी है, जिसमें कहा गया है कि कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जाएगा। वहीं दूसरी ओर पछुआ हवा चलने से तेज गर्मी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सावधान रहने की अपील
इस कड़ी में रोहतास जिले में तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। आगामी दिनों में भीषण लू की संभावना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
अस्पताल में विशेष इंतजाम
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को लू से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। आपातकालीन वार्डों में 'हीट स्ट्रोक' के मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही ओआरएस पैकेट, जीवन रक्षक दवाओं, पंखे, कूलर, एसी आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि लू की चपेट में आए मरीजों का तत्काल इलाज शुरू किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर अजीत कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना अनिवार्य हो, तो हाइड्रेटेड रहें। प्यास न लगने पर भी पर्याप्त पानी पिएं। साथ ही नींबू पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस का सेवन करें। इसके अलावा हल्के रंग, ढीले और सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर को छाते, टोपी या तौलिए से ढकें। बासी भोजन खाने से बचें और मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूज और खीरा खाएं।
लक्षण दिखने पर लें चिकित्सक की सलाह
अत्यधिक थकान, सिरदर्द, चक्कर आना, तेज बुखार या उल्टी होना लू के लक्षण हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसे लक्षण दिखने पर मरीज को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है क्योंकि उनके शरीर पर गर्मी का प्रभाव जल्दी होता है।