न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : मधेपुरा मुरलीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप स्थित डा. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद अचानक लगभग 30 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।
बच्चियों की उम्र 6-17 साल
सभी बीमार छात्राओं की उम्र 6 से 17 साल है। किसी को सिर दर्द, पेट दर्द तो किसी को उल्टी की शिकायत होने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चियों के बीमार होने से विद्यालय परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज लाया गया। जहां उनका इलाज किया गया।
दाल में दिखी छिपकली
जानकारी मिली है कि रात के भोजन में रोटी, कद्दू की सब्जी, दाल और खीर दिया गया था। दाल में छिपकली जैसा कुछ दिखा था। भोजन करने के कुछ देर बाद ही कई बच्चियों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात करीब एक बजे तक सभी बच्चियों का उपचार चलता रहा। प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्राओं की हालत सामान्य है। सभी बच्चियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।