न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के कहरडीह गांव स्थित महादलित टोला में बुधवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की हसुए से गला काटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान उगनी देवी (45) के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपित पति गगन मांझी फरार होने के बजाय पुलिस के आने तक शव के पास ही बैठा रहा।
पत्नी पर अवैध संबंध का शक
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। कहा जा रहा है कि गगन मांझी को पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने घर में रखे हसुआ से पत्नी पर हमला कर दिया। गर्दन पर वार होते ही उगनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
पति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
सूचना पाकर खैरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। वहीं आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।