न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना - बिहार में लंबे समय से जारी अंचल अधिकारियों (CO) की हड़ताल अब समाप्त हो गई है। बिहार राजस्व सेवा महासंघ ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया है। यह फैसला राज्य सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत और आश्वासन मिलने के बाद लिया गया है, जिससे प्रशासनिक कामकाज फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।
हाईलाइट्स -
- बिहार में CO की लंबी हड़ताल खत्म
- राजस्व सेवा महासंघ ने लिया बड़ा फैसला
- सीएम सम्राट चौधरी से आश्वासन के बाद निर्णय
- 9 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे अधिकारी
- प्रधान सचिव सीके अनिल के तबादले के बाद बदला माहौल
- जय सिंह को सौंपी गई भूमि राजस्व विभाग की जिम्मेदारी
- जल्द सामान्य होगा राजस्व कार्य और प्रशासन
सरकार के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हुई बातचीत के बाद महासंघ को अपनी प्रमुख मांगों पर आश्वासन मिला। इसके बाद ही हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया। गौरतलब है कि राज्य के CO 9 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे, जिससे जमीन से जुड़े कई अहम काम प्रभावित हो रहे थे।
हड़ताल खत्म होने के पीछे एक बड़ी वजह भूमि राजस्व विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल का तबादला भी माना जा रहा है। राज्य सरकार ने दो दिन पहले ही उनका तबादला कर दिया था और उनकी जगह जय सिंह को विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले के बाद से ही हड़ताल खत्म होने के संकेत मिलने लगे थे।
कामकाज जल्द होगा सामान्य
महासंघ के फैसले के बाद अब सभी CO जल्द ही अपने-अपने पदस्थापन स्थलों पर लौटेंगे। इससे लंबित राजस्व कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है और आम लोगों को भी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें - CM सम्राट चौधरी का DM-SP को अल्टीमेटम, हर जिले में उद्योग बढ़ाओ, अपराध पर सख्त कार्रवाई करो