अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: समस्तीपुर- बरौनी रेलखंड पर मैसूर से दरभंगा जा रही 12578 अप एक्सप्रेस ट्रेन से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार फर्जी टीटीई बेगूसराय जिले के तेघड़ा नगर क्षेत्र के वार्ड एक मोहल्ला निवासी धर्मवीर भारद्वाज उर्फ चुलबुल बताया जा रहा है. इस मामले में जीआरपी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर अब उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. इस सम्बंध में जीआरपी थाना अध्यक्ष बीरबल राय ने जानकारी देते हुए बताया कि मैसूर से दरभंगा जा रही 12578 ट्रेन में उजियारपुर स्टेशन के पास यात्रियों की शिकायत पर ट्रेन में चल रहे चीफ टीटीई टुनटुन चौधरी को टिकट जांच के दौरान यात्रियों ने सूचना दी किआपसे पहले एक दूसरा टीटीई टिकट जांच कर गए है. आप लोग कितनी बार टिकट जांच करते है.
यात्रियों ने यह भी बताया कि जिन यात्रियों के पास टिकट नहीं था फर्जी टीटीई टिकट बनाने के बदले उससे पैसा ले रहा था. शिकायत मिलने के बाद कुछ यात्रियों के साथ चीफ टिकट निरीक्षक ने ट्रेन की बगियों की तलाश शुरू की, तो ट्रेन के जनरल कोच में टिकट जांच करते हुए धर्मवीर पकड़ा गया. जब ट्रेन समस्तीपुर स्टेशन पर पहुंची तो टुनटुन चौधरी द्वारा मामले की जानकारी रेलवे के कंट्रोल को दी गई. सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फर्जी टीटीई को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में टिकट निरीक्षक टुनटुन चौधरी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस की पूछताछ के दौरान फर्जी टीटीई अपने को एक निजी विद्यालय का शिक्षक बताया, उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार भी किया है कि वह महीने में दो-तीन बार ट्रेनों में सफर कर ऐसा काम करता था. क्योंकि निजी विद्यालय में बहुत कम राशि मिलता था परिवार चलाने के लिए वह इस धंधा में कुछ दिनों से लगा हुआ था. रेल थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है फर्जी टीटीई को रेल न्यायिक दंडाधिकारी के यहां पेश किया जाएगा. इसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा.
यह भी पढ़े: सहरसा में MHA प्रोजेक्ट कार्यालय में चोरी, ICCC कैमरा कार्य से जुड़ा सामान गायब