अफरोज आलम/न्यूज11 भारत
समस्तीपुर/डेस्क: समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव से पुलिस ने एक विवाहिता का फंदे से लटका शव उसके घर से बरामद किया है. मृतिका की पहचान दरभंगा जेल के सहायक काराधीक्षक नंदू चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है. घटना के संबंध में ससुराल पक्ष ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया है कि पति- पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को लेकर मृतिका ने अपने बच्चे को अपनी सास को सौप दिया और खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर लिया. उधर मृतिका के बड़े भाई पटना स्थित अगमकुआं थाना क्षेत्र निवासी शशिभूषण चौधरी ने पुलिस को बताया कि मेरी बहन श्वेता की शादी 31 मई 2023 को हिंदू रीति के अनुसार एक्सयूवी कार व सामर्थ्य अनुसार नकद व अन्य सामान बतौर उपहार देकर शेरपुर निवासी राम अनुज चौधरी के पुत्र जो दरभंगा में सहायक काराधीक्षक नंदू चौधरी के साथ किया था.
उसके कुछ दिनों बाद से ही दहेज के रूप में मोटी राशि की मांग और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग करने लगे और इसके लिए मेरी बहन के साथ अत्याचार भी पति सहित परिवार के लोग किया करते थे. जिसको लेकर कई बार पारिवारिक स्तर से समझौता भी हुआ. उधर सूचना मिलने पर जब हम शेरपुर गांव आए तो देखा की मेरी बहन की हत्या कर टांग दिया है और इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है. इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी. वहीं मृतिका के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम हेतु समस्तीपुर भेज दिया है.
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या से संबंधित प्रतीत होता है. मृतका के मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है. वहीं एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की स्वयं जांच पड़ताल की व पुलिस को आवश्यक निर्देश दिया है. जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या अथवा आत्महत्या का मामला स्पष्ट हो सकेगा. सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी आकर घटना से संबंधित नमूने अपने साथ ले गई. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, TRE 4 के तहत लगभग 46 हजार पदों की मिली अनुमति