प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: आगामी 9 जुलाई को वाम दलों द्वारा आहूत भारत बंद और देशव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को झारखंड राज्य विद्यालय रसोईया संघ के प्रखंड सचिव रीना देवी एवं जिला संरक्षक कॉमरेड बिरजू राम के नेतृत्व में अधिकारियों को हड़ताल से संबंधित सूचना पत्र व मांग पत्र सौंपा गया.
इस दौरान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मजदूर विरोधी श्रम कोड को रद्द करने, पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने, MSP गारंटी लागू करने समेत खनिज, जल-जंगल और जमीन पर आदिवासी-दलित समुदायों के अधिकारों को बरकरार रखने की मांगों को लेकर यह हड़ताल बुलाई गई है.
प्रखंड सचिव रीना देवी ने कहा कि इस ऐतिहासिक हड़ताल में मध्यान्ह भोजन योजना को बंद रखते हुए सभी रसोईया कर्मियों को शामिल किया जाएगा. उन्होंने सभी स्कूलों के रसोईया कर्मियों से हड़ताल में भाग लेने की अपील की है. वहीं, जिला संरक्षक बिरजू राम ने बताया कि लातेहार जिले के सभी प्रखंडों में रसोईया संघ के सदस्य सक्रिय रूप से हड़ताल में भाग लेंगे. बरवाडीह प्रखंड के 136 स्कूलों के सभी संकुल संसाधन पदाधिकारियों को भी हड़ताल की सूचना दी जा चुकी है. कॉमरेड बिरजू राम ने कहा 9 जुलाई का भारत बंद मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और वंचित तबकों का एकजुट जनांदोलन होगा. यह आंदोलन देशभर में ऐतिहासिक रूप लेगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्णा सिंह, कमलेश सिंह, राजेंद्र सिंह समेत कई अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रहे.