न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले गये पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 17 हरा दिया. तीन मैचों की वनडे सीरीज का यह पहला मुकाबला था. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के जबरदस्त शतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 349 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने विकेटों के पतन के बीच लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया. लेकिन जीत से 17 रन दूर रह गया. अफ्रीका की पूरी टीम 49.2 ओवरों में 332 रन बना सकी. दक्षिण अफ्रीकी पारी को ध्वस्त करने में कुलदीप यादव (4 विकेट), हर्षित राणा (3 विकेट) और अर्शदीप (2 विकेट) की विशेष भूमिका रही
भारत के लिए विराट कोहली ने 120 गेंदों में 11 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 135 रनों की न सिर्फ शतकीय पारी खेली बल्कि उन्होंने अपनी 52वीं सेंचुरी बनाकर सचिन तेंदुलकर के 51 शतकों से आगे भी निकल गये.
टीम इंडिया के लिए ओपनर रोहित शर्मा ने 57 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम के बड़े स्कोर की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कप्तान केएल राहुल ने भी 60 रनों की शानदार पारी खेली, रविन्द्र जडेजा ने 32 रनों का अच्छा योगदान किया.
जवाबी पारी में दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने 37 रन, मार्को यान्सेन ने 70 रन और मैथ्यू ब्रीट्जके ने 72 रनों की पारियां खेल कर उम्मीदों को जीवित रखा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकाल कर विपक्षी को कभी चैन से नहीं खेलने दिया. अंतिम ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 18 रन चाहिए थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने क्रॉर्बिन बॉश (67) को आउट कर उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
यह भी पढ़ें: कल से शुरू हो रहा संसद का शीतकालीन सत्र, गर्म रहने के पूरे आसार, विपक्ष SIR हथियार लेकर तैयार