न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने आज रांची गंगा नगर, हरमू में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित किया. आदित्य साहू ने कहा कि रोशनी खलखो एक जुझारू ,संघर्षशील प्रत्याशी है जो महिला सशक्तिकरण केलिए संकल्पित है. पिछले चुनाव में निर्विरोध पार्षद बनने वाली लोकप्रिय नेता है. रोशनी खलखो के दिल में रांची नगर निगम के घर-घर को रोशन करने का संकल्प है. कहा कि आज राज्य की राजधानी रांची पूरी तरह असुरक्षित हो गई है. राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बहन बेटियों के साथ दुष्कर्म, लूट, छिनताई की घटनाएं आम हो गईं है. महिलाएं घर से देर शाम निकलने में डरती हैं.
आदित्य साहू ने कहा कि अब तो महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी असुरक्षित हैं. कब कौन बच्चा गायब हो जाएगा, उसकी चोरी हो जाएगी ये किसी को पता नहीं. राजधानी में बच्चा चोर गिरोह घूमता रहता है और पुलिस वसूली में लगी रहती है. उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में राज्य से हजारों बच्चे गायब हुए हैं.सभी गरीब के बच्चे हैं लेकिन जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी, आंदोलन किए, रांची बंद की घोषणा की तो अंश, अंशिका, कन्हैया जैसे 60 बच्चे बरामद हुए. लेकिन अभी भी सैकड़ों बच्चे लापता हैं.
आदित्य साहू ने कहा कि गांव नगर सभी जगह विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. व्यावसायियों को धमकी मिल रही,अब तो भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भी जान से मारने की धमकी मिल रही. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही गरीबों, दलितों, वंचितों , बहन बेटियों की चिंता की. महिलाओं को 33% आरक्षण दिया. एक रूपये में 50लाख रुपए की सम्पत्ति की रजिस्ट्री भाजपा सरकार की देन थी. इसके अतिरिक्त महिला सशक्तिकरण केलिए अनेक कार्य किए गए.
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ही महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और महिला सम्मान केलिए समर्पित है. कहा कि जो महिलाओं को सम्मान,सुरक्षा दे उसे ही ताकत दें. जो परेशान करे उसे पराजित करें. कहा कि रोशनी खलखो जनभावनाओं पर खरी उतरेगी, सुख दुख की सहभागी बनेगी, घर घर की बेटी बहन बनेगी.
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने भी रोशनी खलखो को बिस्किट छाप पर मुहर लगाकर भारी मतों से जीताने की अपील की. उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाकर राज्य की भ्रष्ट निकम्मी सरकार जो सत्ता के बल पर लोकतंत्र का गला घोंट रही उसे सबक सिखाएं. मंच संचालन मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने किया. इस अवसर पर सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थी.
ये भी पढ़ें- हजारीबाग में BLO द्वारा मतदाता पर्ची घर-घर नहीं दिया जा रहा है: भाजपा