न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री जी के जन्म स्थल वाडनगर से कर्म क्षेत्र वाराणसी तक निकाली जा रही यात्रा का आगामी 4 अक्टूबर को पलामू जिले के दुबियाखाड़ मेदिनीनगर में आगमन होगा बाइक यात्रा का विराट स्वागत अभिनंदन किया जाएगा. यात्रा के आगमन का प्रारंभ दूबियाखाड में राजा मेंदिनीराय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और अभिनंदन के साथ यात्रा शुरुआत होकर पलामू के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह है.
यात्रा के मेदिनीनगर पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सेवा, जनसंपर्क एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और संदेश को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा. विभिन्न मंडलों से कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है.
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने कार्यकर्ताओं से अपील की वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यात्रा का स्वागत करें और सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा कि यह यात्रा सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी.