झारखंडPosted at: मई 17, 2025 25 मई को रांची आएंगे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, होगा भव्य नागरिक अभिनंदन
चेंबर ऑफ कॉमर्स जमशेदपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में होंगे शामिल

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला 25 मई को रांची आएंगे. वह 25 मई के दोपहर में चेंबर ऑफ कॉमर्स जमशेदपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे. चैंबर ऑफ़ कॉमर्स जमशेदपुर अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है. भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आमंत्रण पर लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में भाग लेने की अपनी अनुमति प्रदान की है. 25 मई को शाम 5:00 बजे लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात रांची लौटेंगे.
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया रांची में शाम 5:00 बजे स्वर्ण भूमि सभागार डांगरा टोली में लोकसभा अध्यक्ष का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह किया जाएगा. इस नागरिक अभिनंदन में रांची शहर के सैकड़ो संस्थाओं और रांची शहर के विभिन्न गणमान्य लोग और सामाजिक धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे. 25 मई की रात्रि विश्राम के उपरांत 26 मई को लोकसभा अध्यक्ष पुनः दिल्ली के लिए रवाना होंगे. रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला का पहली बार झारखंड दौरा हो रहा है. इस निमित्त रांची में सामाजिक संगठनों के द्वारा उनके भव्य नागरिक अभिनंदन की तैयारी चल रही है.