वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही अंचल अधिकारी द्वारा शुक्रवार सुबह अवैध बालू कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त कर बरही थाना को सौंप दिया गया. बरही अंचल अधिकारी ने आज सुबह अवैध बालू के कारोबार में लगे वाहनों पर छापेमारी की. इस दौरान दो बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त किया गया. दोनों वाहनों को बरही थाना के हवाले कर दिया गया है.
15-20 गाड़ियां भागने में सफल
सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान 15 से 20 बालू लदे वाहन मौके से भागने में सफल रहे. अंचल कार्यालय को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उठाव और परिवहन हो रहा है.
एनजीटी नियमों की अनदेखी
बालू तस्कर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. मानसून सीजन में नदियों से बालू उठाव पर प्रतिबंध है, फिर भी धड़ल्ले से अवैध खनन और परिवहन जारी है.
अंचल अधिकारी ने बताया कि अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. जब्त वाहनों के मालिकों पर खनन विभाग के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: राजगंज में शिक्षक-अभिभावक बैठक संपन्न, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन