रोहन निषाद/न्यूज11 भारत
चाईबासा/डेस्क: रोजगार और जीवन की तलाश में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर गए पश्चिमी सिंहभूम (गोइलकेरा) के एक युवक की दर्दनाक और हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. जिस युवक को परिजन बीते छह सालों से लापता मान चुके थे, उसका अंतिम संस्कार तक कर दिया गया था और पत्नी ने दूसरी शादी रचा ली थीं.वह युवक गोरखपुर की जेल में हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है.गोरखपुर की एक अदालत ने गोइलकेरा के बोरोई गांव निवासी 38 वर्षीय दुगा मारला उर्फ दोगे को एक व्यक्ति की हत्या का दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है.
2020 में अचानक हो गया था लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुगा मारला वर्ष 2020 में सोनुआ प्रखंड स्थित नुवागांव अपनी बहन के घर गया हुआ था. वहीं से वह अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़कर अचानक कहीं गायब हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते उसे मृत मान लिया और परंपरा अनुसार उसका क्रियाकर्म (अंतिम संस्कार) कर दिया.
पति के लापता होने के बाद दुगा की पत्नी ने दूसरी शादी कर ली, जबकि उसके तीनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी उसके भाई सेड़गा मारला ने संभाली. दुगा के पैतृक घर पर फिलहाल उसकी मां सुरु मारला और भाई रहते हैं.
रेलवे स्टेशन के पास ईंट से मारकर की थी हत्या
गोरखपुर के अपर सत्र न्यायाधीश नितिन कुमार ठाकुर की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दुगा मारला को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास के साथ 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया है.
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता राम प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के उनौला दोयम का है. 15 अक्टूबर 2021 की रात करीब 10:30 बजे महाजन नाम के व्यक्ति रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे थे, तभी दुगा मारला ने उनके सिर पर ईंट से जोरदार हमला कर दिया. इस घटना में महाजन की मौके पर ही मौत हो गई थी. पुलिस की जांच के दौरान दुगा मारला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
व्हाट्सएप मैसेज को समझा था अफवाह, अब खुला राज
परिजनों ने बताया कि अक्टूबर 2025 में उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से संदेश आया था, जिसमें दुगा के गोरखपुर जेल में बंद होने की बात कही गई थी. हालांकि, परिजनों ने इसे कोई ठगी या अफवाह समझकर नजरअंदाज कर दिया था. लेकिन अब अदालत से सजा सुनाए जाने की आधिकारिक खबर मिलने के बाद परिजनों को उसके जीवित होने का पता चला है.
यह भी पढ़ें: चंदवा में सनसनी: बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर शव नाले में दफनाया, 21 दिन बाद बारिश में नरकंकाल बाहर आया