न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा द्वारा कांग्रेस के झारखंड प्रदेश कार्यालय का घेराव किया गया. भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर पिछले 6 वर्षों से राज्य में भर्ती में व्याप्त गड़बड़ियों, JPSC-JSSC में कथित धांधली और युवाओं के साथ हुए अन्याय का जवाब मांगा गया.
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों से झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है. इस दौरान हुई लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा पर सवाल उठे हैं. JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती, शिक्षक नियुक्ति समेत कई परीक्षाओं में अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के आरोप लगे, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप हैं.
उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने कड़ी मेहनत कर परीक्षाएँ दीं, लेकिन बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है. उन्होंने सवाल किया कि जब हर बार प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें आती हैं, तो इसके पीछे कौन लोग हैं और कांग्रेस इस पर जवाब क्यों नहीं देती?
आदित्य साहू ने कहा कि सत्ता में बैठी कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता के सवालों का जवाब देने की बजाय धरना-प्रदर्शन का नाटक कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की पहली जिम्मेदारी युवाओं को न्याय देना और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना है, लेकिन सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के बजाय भ्रष्टाचार और दलालों को बढ़ावा दिया गया है. इससे मेहनत करने वाले युवाओं का हक मारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार ईमानदार है तो उसे किसी भी जांच से डरने की जरूरत नहीं है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग किया कि 14वीं JPSC परीक्षा सहित सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि CBI जांच से सच्चाई सामने आएगी और यह पता चलेगा कि प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों के पीछे कौन लोग शामिल हैं. उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार CBI जांच कराने से क्यों बच रही है?
आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है. पार्टी जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक युवाओं को जागरूक करेगी और भर्ती घोटालों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता युवाओं को न्याय दिलाने और राज्य में पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था स्थापित कराने के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा.
आदित्य साहू ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारने का काम किया है और आगे भी करती रहेगी. ऐसे दलों को जनता ने अच्छी तरह से सबक सिखाया है. वहीं जनता ने नरेंद्र मोदी को दिल खोलकर स्वीकारने का काम किया है. 12 वर्षों से मोदी सरकार ने उल्लेखनीय और ऐतिहासिक काम किया है. नरेंद्र मोदी की सरकार लोगों को रोजगार देने काम कर रही है. वहीं कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोगों का रोजगार छीनने का काम किया है. कांग्रेस ने देश की जनता, झारखंड की जनता को लूटने का काम किया है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड की कांग्रेस-समर्थित हेमंत सोरेन सरकार ने JPSC और JSSC जैसी भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है. पेपर लीक, भर्ती में अनियमितता और घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है. आज का घेराव केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं के आक्रोश की आवाज है. जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा.
उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC मामले में चल रही CID जांच केवल दिखावा है. जैसे शराब घोटाले में बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हुई, उसी तरह JPSC मामले में भी असली दोषियों को बचाने का खेल चल रहा है. उन्होंने कहा कि इस घोटाले का असली मास्टरमाइंड मुख्यमंत्री आवास में बैठा है, इसलिए जांच को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार अब व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है. सरकार का एक ही फार्मूला है—“जो जितना बड़ा भ्रष्टाचारी, वह उतना बड़ा अधिकारी.” उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में नैतिक साहस है तो JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष श्री खयानते को तुरंत हिरासत में लेकर निष्पक्ष पूछताछ कराएं.
नेता प्रतिपक्ष ने मांग किया कि JPSC से जुड़े पूरे प्रकरण, JSSC भर्ती विवादों और एल खियांगते के पूरे कार्यकाल में हुई सभी नियुक्तियों एवं निर्णयों की जांच CBI को सौंपी जाए. केवल CBI की निष्पक्ष जांच ही सच्चाई सामने ला सकती है और भ्रष्टाचार में शामिल बड़े चेहरों को बेनकाब कर सकती है. राज्य सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि अब दिखावटी जांच, लीपापोती और छोटे अधिकारियों की बलि देकर सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रविन्द्र राय के अलावा मनोज सिंह, सीपी सिंह, अमरदीप यादव, दीपक बंका, सूरज चौरसिया, योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रतुल शाहदेव, सुबोध सिंह गुड्डू, रमाकांत महतो, रविनाथ किशोर, अशोक बड़ाइक, संदीप वर्मा, डॉ प्रकाश सिंह, शोभा यादव, केके गुप्ता, अजय राय, सतीश सिन्हा, सूरज शाहदेव, नीरज सिंह, राहुल अवस्थी, राहुल शाहदेव, रजनीश पांडेय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह, धीरज महतो बिनय, डॉ सीमा सिंह, सीमा सिंह, रामकुमार पाहन, शशांक राज, ललित ओझा, संजय जायसवाल, मुकेश मुक्ता, कृपा शंकर सिंह, सुरेश साहू, उमेश साहू, अमरनाथ चौधरी, राजू सिंह, जितेंद्र वर्मा, टुनटुन यादव, मनोज चौधरी सहित हजारों की संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.