प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव खलवीटोली गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई,जब गांव से कुछ दूरी पर स्थित हाई टेंशन बिजली टॉवर के समीप खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान जटू उरांव (30 वर्ष) के रूप में हुई.आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंक दिया.जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है.मंगलवार की सुबह ग्रामीण खेत की ओर गए तो हाई टेंशन टॉवर के पास एक युवक का शव पड़ा देखा.सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
मृतक की पहचान जटू उरांव के रूप में होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई.घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.सूचना मिलने पर भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई.आवश्यक जांच-पड़ताल और साक्ष्य संग्रह के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल,गुमला भेज दिया गया.बताया जाता है कि मृतक के पिता सुकरा उरांव गांव के भंडारी हैं.घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
ग्रामीण भी इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.पुलिस आपसी रंजिश,पुरानी दुश्मनी,ओझा गुणी सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.उन्होंने कहा कि हत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है तथा बहुत जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस हत्याकांड का शीघ्र उद्भेदन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में JMM का बूथ सम्मेलन सह BLA-2 प्रशिक्षण शिविर, प्रदेश महासचिव ने कार्यकर्ताओं को दी बड़ी नसीहत