न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी आरोपियों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच लगभग पूरी कर ली गई है और जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी.
यह सनसनीखेज घटना जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बालसेग्रा गांव में मंगलवार को हुई थी. जानकारी के मुताबिक, बालेश्वर पटेल अपनी निजी जमीन देखने के लिए अकेले गांव पहुंचे थे. इसी दौरान जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर उनकी कुछ लोगों के साथ कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
छुट्टी के दौरान गांव आए थे बालेश्वर पटेल
बताया जा रहा है कि सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल हूल दिवस की छुट्टी के अवसर पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे. मंगलवार सुबह वह विवादित जमीन का जायजा लेने निकले थे. इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- नवीन पुलिस केंद्र में सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन