न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में कड़ाके की ठंड अब पूरी तरह विदा लेने लगी हैं. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद राज्य के मौसम में साफ बदलाव देखने को मिल रहा हैं. बीते 24 घंटे के दौरान कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन आसमान में केवल आंशिक बादल ही छाए रहे और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 2 से 3 दिनों तक राज्य में बारिश के कोई आसार नहीं हैं.
सुबह-शाम हल्की ठंड, दोपहर में बदलेगा मिजाज
आज झारखंड के ज्यादातर इलाकों में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा सकती है, जबकि दोपहर होते-होते धूप तेज हो जाएगी और लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होगा. मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही हैं.
उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंडी हवा का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और लोहरदगा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी. इन इलाकों में दिन के समय भी ठंडी हवा चलने की संभावना हैं. अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं. सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता हैं.
दक्षिणी जिलों में बढ़ेगी गर्मी
राज्य के दक्षिणी जिले- पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में आज दोपहर के समय गर्मी ज्यादा महसूस होगी. इन क्षेत्रों में तेज धूप निकलने की संभावना है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं. वहीं न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं. ऐसे में दोपहर के समय लोगों को स्वेटर या गर्म कपड़ों की जरूरत नहीं पड़ेगी.
देवघर-दुमका में मौसम रहेगा सुहावना
उत्तर-पूर्वी जिलों- देवघर, गोड्डा, पाकुड़, दुमका और साहिबगंज में मौसम संतुलित बना रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना हैं. सुबह और शाम हल्की ठंड के साथ दोपहर में खुला आसमान और तेज धूप देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने साफ किया है कि आज राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं हैं. कुल मिलाकर झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती हैं.