न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: जहां हिमालयी क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी से कड़ाके की ठंड लौट आई है, वहीं झारखंड में ठंड का असर तेजी से कम हो रहा हैं. राज्य में न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को खासकर दोपहर के समय गर्मी का एहसास होने लगा हैं. रातें भी अब उतनी सर्द नहीं रही.
न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़त
बीते 24 घंटों में खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 48 घंटे पहले यहां पारा करीब 3 डिग्री था यानी दो दिनों में 3 से 4 डिग्री की स्पष्ट बढ़ोतरी हुई हैं. राजधानी रांची, लातेहार और लोहरदगा में भी न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच पहुंच गया है, जो दो दिन पहले 4-5 डिग्री के आसपास था.
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और वृद्धि संभव हैं. अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान हैं. इस बदलाव के साथ अब रात में कड़ाके की ठंड की संभावना कम हो गई हैं.
ठंड के कम होते असर का सीधा असर दिनचर्या पर दिख रहा हैं. भारी रजाई-गद्दे अब अलमारियों में रखे जा रहे हैं. दोपहर की तेज धूप में कई इलाकों में स्वेटर की भी जरूरत नहीं पड़ रही हैं. पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया आज भी राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंचने की संभावना हैं. मौसम विभाग ने तापमान में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी हैं.
यह भी पढ़े: IND vs NZ 3rd T20: मैच से पहले जानें दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़ें और संभावित प्लेइंग 11