प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीती देर रात करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ओमेसेरा गांव में एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाते हुए तीन ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया.घटना के बाद गांव में भय का माहौल व्याप्त है.प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात एक जंगली हाथी गांव में घुस आया.हाथी ने गांव निवासी राजकरण सिंह के घर और उनकी राशन दुकान का दरवाजा तोड़ दिया.दुकान में रखे लगभग पांच बोरा चावल को खा गया तथा शेष राशन को बिखेर कर बर्बाद कर दिया. साथ ही घर की छत पर लगे एलबेस्ट्स को भी तोड़ डाला.वहीं गांव के युगल सिंह के मिट्टी से बने घर की दीवार को हाथी ने गिरा दिया,जिससे घर के अंदर रखा सामान दबकर नष्ट हो गया. बर्तन,अनाज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.इसके अलावा शिवनंदन सिंह के घर का दरवाजा और छत भी हाथी ने तोड़ दिया.
ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने आसपास के किसानों के खेतों में लगी फसलों को भी रौंद डाला,जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.पिछले कुछ दिनों से भरनो प्रखंड क्षेत्र के जंगल से सटे गांवों में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है. ग्रामीण रातभर जागकर अपने घर और फसल की रखवाली करने को मजबूर हैं.घटना की सूचना वन विभाग,बसिया को दे दी गई है. प्रभावित ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने,हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए ठोस कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र में वन विभाग की स्थायी तैनाती की भी मांग उठाई गई है.
बताया जाता है कि क्षेत्र में हाथियों से हो रहे नुकसान को लेकर स्थानीय विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने भी विधानसभा सत्र में मामला उठाया था और वन विभाग से पहल करने की मांग की थी. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
यह भी पढ़ें: सत्ता आती-जाती रहती है, जनता का प्यार ही मेरी असली पूंजी, नगर निगम चुनाव परिणाम के बाद रिंकू सिंह हौसले बुलंद