न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: 18 जुलाई दिन शनिवार को वार्ड नंबर 36 अरगोड़ा पीपर टोली नागड़ा ढीपा तारा नगर आवासीय परिसर स्थित पंच मंदिर मार्ग पर पुंदाग नदी किनारे गार्ड वाल की ऊँचाई कम होने के कारण पुंदाग नदी का पानी कई घरों में घुस गया. इस तरह का नजारा हर साल देखने को मिलता है. पिछले साल पानी मंदिर परिसर में भी घुस गया था. वार्ड नंबर 36 के वार्ड सुपरवाइजर महादेव भेंगरा ने राँची नगर निगम की टीम को सुचना देते हुए पानी निकासी के लिए गाड़ी लेकर भेजा था.
प्रेस मीडिया के लोगो ने खुद कवरेज देकर राँची नगर निगम प्रशासन को समस्या के निदान हेतु अवगत कराया था. पीपर टोली तारानगर आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों ने राँची नगर निगम रांची से गार्ड वाल को कम से कम तीन फिट ऊँचा करने के लिए आवेदन पत्र पिछले साल बरसात के समय दिया है, जिसे नगर निगम रांची के वार्ड नंबर 36 के अभियंताओं ने अपने स्तर से गार्ड वाल की नापी कर इसे कम से कम तीन फिट ऊँचा करने के लिए योजना को तैयार कर राँची नगर निगम बोर्ड को भेजा है. अरगोड़ा पीपर टोली नागड़ा ढीपा तारा नगर आवासीय परिसर में रहने वाले सभी लोगों ने मेयर रोशनी खलखो एवं नगर आयुक्त से समस्या के समाधान हेतु निवेदन किया है.