त्रिपक्षीय वार्ता विफल

त्रिपक्षीय वार्ता विफल: सेल और ठेका प्रबंधन के लिखित आश्वासन के बावजूद ग्रामीण 200 लोगों को रोज़गार देने की मांग पर अड़े

ठेका कंपनी और स्थानीय ग्रामीणों के बीच रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित

By : Ark Sahuliyar
त्रिपक्षीय वार्ता विफल: सेल और ठेका प्रबंधन के लिखित आश्वासन के बावजूद ग्रामीण 200 लोगों को रोज़गार देने की मांग पर अड़े

न्यूज़11 भारत 
मनोहरपुर/डेस्क:
जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु की उपस्थिति में शुक्रवार को मनोहरपुर साइडिंग स्थित सेल गेस्ट हाउस में सेल प्रबंधन, सेल अधिकृत ठेका कंपनी और स्थानीय ग्रामीणों के बीच रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई. करीब ढ़ाई घंटे तक चली वार्ता के बाद लिखित आश्वासन के बावजूद आम सहमति नहीं बनी, जिससे चिड़िया सेल के दुबिल माइंस के गेट पर पिछले 15 दिनों से चल रहे आंदोलन धरना प्रदर्शन के दौरान वार्ता विफल हो गया. जिससे चिड़िया सेल के दुबिल आयरन ओर माइंस को पुनः चालू करने  का रास्ता बंद हो गया.बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि पहले चरण में धरना-प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं में से करीब 10 से 15 युवकों को नए ठेका कंपनी के द्वारा तत्काल रोजगार दिया जाएगा. 

वहीं शेष बेरोजगार स्थानीय युवाओं को आगामी तीन माह के भीतर सेल प्रबंधन ने जॉब के आधार पर चरणबद्ध तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया गया. इसके साथ ही सेल ने 15 लोगों को रोज़गार देने के लिए सेल प्रबंधन हाईकमान को पत्राचार करने का भी आश्वासन दिया. इसके बाद भी ग्रामीणों ने दो सौ लोगों को रोज़गार देने पर अड़े रहे. जिससे वार्ता विफल हो गया तथा पुनः माइंस खोलने का रास्ता बंद हो गया.गौरतलब है कि स्थानीय लोगों द्वारा रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था. आंदोलन के कारण मनोहरपुर स्थित चिड़िया सेल के दुबिल आयरन ओर माइंस का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे सेल प्रबंधन और अधिकृत ठेका कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

बैठक में एसडीएम जगन्नाथपुर अरुण उरांव, चिड़िया सेल के सीजीएम सी.बी. कुमार, खान प्रबंधक रवि रंजन, डीजीएम (माइनिंग) एस.एस. राव, डीजीएम (माइनिंग) आर.के. पत्री, सेल अधिकृत ठेका कंपनी एन.के. मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि हरदेव सिंह गोल्डी, तनवीर सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप तथा आंदोलनरत ग्रामीण उपस्थित थे.