न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: सदर प्रखंड के भोज्या गांव में आज उस वक्त मातम पसर गया, जब 'बड़का आहार' तालाब में डूबने से एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म हो गई. मृतकों में खीरू यादव की पत्नी परवा देवी (30) और उनकी दो मासूम बेटियां, गीता कुमारी (8) और मालती कुमारी (6) शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, परवा देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ तालाब पर कपड़े धोने गई थीं. इसी दौरान छोटी बेटी मालती का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समाने लगी. अपनी बच्ची को बचाने के लिए मां ने तालाब में छलांग लगा दी, जिसे देख बड़ी बेटी भी उन्हें बचाने के प्रयास में पानी में उतर गई. तालाब की गहराई और फिसलन के कारण तीनों की डूबने से मौत हो गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला. घटना की सूचना के बावजूद पुलिस और प्रशासन के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. फिलहाल पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा के मोहनपुर में श्रीहनुमत प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ शुरू, 501 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकली