अमर शहीद अलबर्ट एक्का

अमर शहीद अलबर्ट एक्का के सुपुत्र भिन्सेंट एक्का को ससम्मान वापस सौंपी गई ट्रैक्टर की चाबी, एजेंसी को शो-कॉज जारी

अखबारों में प्रकाशित खबर के संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई.

By : Ark Sahuliyar
अमर शहीद अलबर्ट एक्का के सुपुत्र भिन्सेंट एक्का को ससम्मान वापस सौंपी गई ट्रैक्टर की चाबी, एजेंसी को शो-कॉज जारी

राजन पाण्डेय/न्यूज़11 भारत 
गुमला/डेस्क:
परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का जी के सुपुत्र भिन्सेंट एक्का को कृषि कार्य हेतु उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को वापस लिए जाने की खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने उन्हें ससम्मान ट्रैक्टर की चाबी वापस सौंप दी है. अखबारों में प्रकाशित खबर के संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को तत्काल बुलाकर पूरी स्थिति की समीक्षा की गई. इस लापरवाही और अनियमतिता के लिए संबंधित एजेंसी के खिलाफ शो-कॉज  नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है.

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहीद अलबर्ट एक्का जी केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं. उनका शौर्य और अद्वितीय बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा. सरकार और प्रशासन शहीद परिवारों के सम्मान, अधिकारों और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं. शहीद परिवार के सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.इस अवसर पर चैनपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद खलखो, सांसद प्रतिनिधि अल्बर्ट तिग्गा, पंचायत समिति सदस्य अनीता एक्का तथा जिला अध्यक्ष राजनिल तिग्गा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.